VISITORS

0 0 6 0 6 4

February 12, 2026 8:39 am

+91 8878812345

Explore

Search

February 12, 2026 8:39 am

उज्जैन : दूषित जल प्रदाय पर सख्ती

निगमायुक्त ने उपभोक्ता बनकर हेल्पलाइन पर किया फोन कहा- मेरे घर गंदा पानी आ रहा, एक्शन मोड में पीएचई

शब्द अग्नि / उज्जैन। इंदौर में दूषित पानी से 15 मौत और उस पर चल रही सियासत के बाद उज्जैन नगर निगम भी अलर्ट मोड में आ गया है। शहर के कई इलाकों में गंदे पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र ने अनोखा कदम उठाया। उन्होंने खुद उपभोक्ता बनकर जल प्रदाय की हेल्पलाइन पर कॉल किया और शिकायत दर्ज कराई, ताकि सिस्टम की वास्तविक स्थिति को परखा जा सके।

निगमायुक्त अभिलाष मिश्र ने गुरुवार को चामुंडा माता स्थित पीएचई कार्यालय और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की मौजूदगी में हेल्पलाइन नंबर पर फोन लगाया और कहा, “मैं अभिलाष, वार्ड 22 में रहता हूं। मेरे यहां गंदा पानी आ रहा है, कब तक सही हो जाएगा ? ” हेल्पलाइन कर्मचारी शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मौके पर इंजीनियर भेजने की बात कही। निगमायुक्त और हेल्पलाइन के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर सामने आई है।

टंकियों की सफाई शुरू

निगमायुक्त के निर्देश के बाद शहर में पानी की टंकियों की सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पीएचई विभाग ने सुभाषनगर, चकोर पार्क, लक्ष्मीनगर, मिर्ची नाला, भैरवगढ़ और रविशंकर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में टंकियों की अंदरूनी सफाई कराई है। कई इलाकों में अब भी समस्या बरकरार इंदौर की घटना के बाद उज्जैन में भी लोगों के बीच डर का माहौल है। शुक्रवार को ऋषि नगर की पानी की टंकी को करीब आठ महीने बाद साफ किया गया। वहीं शहर के कई हिस्सों में पाइपलाइन लीकेज की समस्या अब भी बनी हुई है। क्षीरसागर क्षेत्र से गुरुवार को दो नई शिकायतें दर्ज हुईं। इसके अलावा पंवासा, नागझिरी, सिंधी कॉलोनी, छत्री चौक समेत अन्य इलाकों में भी गंदे पानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आई है।

निगमायुक्त खुद फोन पर ले रहे फीडबैक

निगमायुक्त अभिलाष मिश्र ने कहा कि सभी पानी की टंकियों की नियमित सफाई और पाइपलाइन लीकेज को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पीएचई कार्यालय में मिलने वाली शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए खुद फोन कर फीडबैक लिया गया है। निगम प्रशासन का दावा है कि दूषित जल प्रदाय की शिकायतों पर अब त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर