सही समय पर डिमांड नहीं आने के कारण इसका नष्टीकरण
शब्द अग्नि न्यूज़ / इंदौर। जिला आबकारी विभाग ने पौने दो करोड़ रुपए के बियर पर रोड रोलर चलाकर उसे नष्ट कर दिया। यह समस्त बियर मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, असम आदि राज्यों में जानी थी। लेकिन सही समय पर डिमांड नहीं आने के कारण इसका नष्टीकरण किया गया। आबकारी विभाग ने महू समीप स्थित फैक्ट्री में एक्सपायर हो चुकी लाखों लीटर बियर को नष्ट कर नालियों में बहा दिया। कार्रवाई के दौरान करीब ढाई लाख लीटर बियर नष्ट की गई, जिसकी निर्माण कीमत पौने दो करोड़ रुपए है। यह बियर गोदाम में रखी हुई थी। आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा दिनांक दस तारीख से बारह तारीख के बीच तीन दिन लगातार बियर के नष्टीकरण की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई सिमरोल स्थित माउंट एवरेस्ट बेवरेज लिमिटेड के कैंपस में की गई। करीब 23154 पेटियों का नष्टीकरण किया गया, जो विभिन्न लेबल और ब्रांड्स की थीं। यह समस्त बियर मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, असम आदि राज्यों में जानी थी। उन राज्यों से समय पर डिमांड नहीं आने के कारण यह मदिरा छह माह से अधिक पुरानी हो चुकी थी, इसलिए इसका नष्टीकरण किया गया। पूरी मदिरा की कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपए थी। कार्रवाई के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर अभिषेक तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान, राजेश जैन, माउंट एवरेस्ट ब्रेवरिज लिमिटेड की प्रभारी अधिकारी श्रीमती प्रतीक्षा शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि आबकारी विभाग भी ऐसे स्टॉक को ज्यादा दिन नहीं रखने देती है।
Author: Shabd Agni
.
