ग्रेस- मंधाना की शानदार साझेदारी
शब्द अग्नि न्यूज़ । वडोदरा। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस की शानदार साझेदारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने यूपी वॉरियर्स को आठ विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही आरसीबी की टीम ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है, जबकि यूपी का सफर लगभग समाप्त हो गया है। हालांकि, यूपी का ग्रुप चरण का एक मैच शेष है। यूपी ने दीप्ति शर्मा के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 41 गेंदें शेष रहते हुए दो विकेट पर 147 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
हैरिस- मंधाना की शतकीय साझेदारी
आरसीबी के लिए ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने मजबूत शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर की। इन दोनों बल्लेबाजों ने यूपी वॉरियर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस दौरान हैरिस ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया और वह तेजी से शतक की ओर बढ़ रही थीं। हालांकि, शिखा पांडे ने हैरिस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हैरिस 37 गेंदों पर 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुई।
हैरिस और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 108 रन जोड़े।
हैरिस के आउट होने के बाद मंधाना ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन बनाए। मंधाना ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन आरसीबी ने जीत दर्ज करने से पहले जॉर्जिया वोल का विकेट गंवाया जो 15 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुई। वहीं, मंधाना 27 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी के लिए शिखा पांडे और आशा शोभना को एक-एक विकेट मिला।
लेनिंग- दीप्ति ने दिलाई मजबूत शुरुआत
यूपी के लिए दीप्ति शर्मा और मेग लेनिंग ने पारी की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने यूपी को मजबूत शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। इस साझेदारी को डि क्लर्क ने लेनिंग को आउट कर तोड़ा। लेनिंग 30 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद एमी जोन्स एक रन बनाकर आउट हुई। जोन्स को भी डि क्लर्क ने अपना शिकार बनाया। हरलीन देओल भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई पारी
यूपी वॉरियर्स की पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई। डि क्लर्क की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से आरसीबी ने वापसी की। एक समय 70+ रन पर एक भी विकेट नहीं गंवाने वाली यूपी ने 122 रन पर पांच विकेट गंवा दिए। यूपी के लिए क्लोए ट्रियोन छह और श्वेता सहरावत सात रन बनाकर आउट हुई। दीप्ति शर्मा हालांकि अर्धशतक पूरा करने में सफल रहीं, लेकिन वह 43 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुई। इसके तुरंत बाद सोफी एक्लेस्टोन खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। सिमरन शेख ने 10 रन बनाए। वहीं, आरसीबी के लिए नादिने डि क्लर्क ने चार विकेट लिए, जबकि ग्रेस हैरिस ने दो और लॉरेन बेल तथा श्रेयांका पाटिल को एक-एक विकेट मिला।
Author: Shabd Agni
.
