शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। केवाईसी अपडेट और समग्र आईडी रिकवर करने के नाम पर हितग्राही से रुपए मांगने वाली आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। इंदौर निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके चलते महिला कर्मचारी की सेवा समाप्त की गई। निगमायुक्त के निर्देशानुसार जोन क्रमांक 12 में पदस्थ आउटसोर्स कर्मचारी पिंकी राठौर को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
दरअसल, हितग्राही आकांक्षा पाल ने शिकायत की थी कि जोन क्रमांक 12 की आउटसोर्स कर्मचारी पिंकी राठौर समग्र आईडी रिकवर करने और केवाईसी के नाम पर राशि की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने पर प्रभारी मनीष शर्मा ‘मामा’ ने हितग्राही के माध्यम से पिंकी राठौर को निगम मुख्यालय बुलवाया और निगम कार्य के लिए अनधिकृत राशि मांगने पर उसे फटकार लगाई। मामले की जानकारी निगमायुक्त के संज्ञान में आने के बाद आउटसोर्स कर्मचारी पिंकी राठौर को तत्काल प्रभाव से काम से हटाते हुए उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की गई। महिला कर्मचारी द्वारा हितग्राही से रुपयों की डिमांड करने पर हितग्राही ने इसकी जानकारी एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा को दी थी। जिसके बाद हितग्राही को कार में बैठाकर नगर निगम मुख्यालय गेट पर बुलवाया। जहां पर महिला कर्मचारी भी आई। इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया जा रहा था। जैसे ही महिला कर्मचारी ने हितग्राही से पैसे लिए उसके कुछ ही देर में मनीष शर्मा भी वहां पहुंच गए और दोनों को लेकर निगम में बने ऑफिस में पहुंचे और महिला कर्मचारी को जमकर फटकार भी लगाई थी। हालांकि उन्होंने इस मामले में लिखित शिकायत करने की बात भी कही थी, लेकिन मामले निगमायुक्त के संज्ञान में आते ही उन्होंने ये कार्रवाई कर दी।
Author: Shabd Agni
.
