VISITORS

0 0 6 2 7 5

February 19, 2026 11:34 am

+91 8878812345

Explore

Search

February 19, 2026 11:34 am

ऑपरेशन के बाद स्वस्थ हुई बिटिया ने आभार जताया

जनसुनवाई में संवेदनशीलता के उदाहरण- थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को तत्काल राहत

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील पहल के तहत इंदौर जिले में प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई का क्रम लगातार जारी है। जनसुनवाई के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं, जिसमें अनेक आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो पाता, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित की जाती है तथा प्रत्येक सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा भी की जा रही है।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भी कई ऐसे उदाहरण सामने आए जब समस्याओं के निराकरण से संतुष्ट नागरिक स्वयं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करने पहुंचे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों से अपने कक्ष में मुलाकात कर उनकी समस्या सुनी और तत्काल समाधान सुनिश्चित किया। बताया गया कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों ने बताया कि दवाओं की उपलब्धता में विलंब हो रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा ने
तुरंत ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई।

कलेक्टर श्री वर्मा ने बच्चों और परिजनों को आश्वस्त किया कि आगे से इंजेक्शन एवं दवाओं की आपूर्ति निरंतर जारी रहेगी और किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रशासन की उक्त व्यवस्था से निशुल्क दवाईयां मिल रही हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर आगामी समय में व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों में से वैभव सोनी नामक बालक को नोडल बनाया गया है, जो दवा उपलब्धता तथा समन्वय का कार्य देखेंगे। साथ ही प्रशासनिक टीम द्वारा नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि समय पर ऑर्डर और वितरण सुनिश्चित हो सके। जनसुनवाई में आरोही नामक बालिका भी अपनी माता के साथ कलेक्टर श्री वर्मा को धन्यवाद देने पहुंची।

जन्म से आंख के ऊपर गठान होने के कारण उसे ऑपरेशन की आवश्यकता थी, जिसे जिला प्रशासन की मदद से सफलतापूर्वक कराया गया। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ हुई बालिका को देखकर कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की और उसके उज्वल भविष्य की कामना की। जनसुनवाई के माध्यम से एक वाहन स्वामी को दो साल से लंबित वाहन रजिस्ट्रेशन कार्ड मिला। आवेदक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में त्वरित समाधान के लिए आभार जताया। आवेदक ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके दो वर्ष पूर्व एक ऑटो डीलर से लोडिंग रिक्शा क्रय की थी। डीलर की लापरवाही से उसे रजिस्ट्रेशन दस्तावेज नहीं मिल पाये।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशों के परिपालन में सहायक परिवहन अधिकारी ने ऑटो डीलर से स्थल से ही मोबाइल पर चर्चा कर लंबित रजिस्ट्रेशन दस्तावेज दिलवाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश है कि जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो, विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार एवं सहायता उपलब्ध हो, ताकि वे स्वस्थ होकर शिक्षा, खेल और जीवन के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें तथा देश और समाज का नाम रोशन करें।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रिकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर हाथों-हाथ निराकरण किया। जनसुनवाई में अधिकांश प्रकरण पारिवारिक विवाद, जमीन विवाद, संपत्ति विवाद आदि के थे।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर