कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने दिए कार्रवाई के निर्देश
शब्द अग्नि न्यूज़। उज्जैन में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बन रहा है।
गुरुवार, 19 फरवरी को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त चालानी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिले के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां रंबल स्ट्रिप, कैट आई, संकेतक बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया । बैठक में स्कूल वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम लगाएं। आरटीओ को स्कूल वाहनों की फिटनेस का नियमित सत्यापन करने के लिए कहा गया है।
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि पशुओं के सींग पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, इंटरसिटी बड़ी बसों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के विषय पर भी चर्चा की गई। सड़क दुर्घटना में घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को एक समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी बताया गया कि हिट एंड रन के 19 प्रकरणों में कुल 32 लाख रुपए की राहत राशि स्वीकृत की गई है। आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2025 की तुलना में 43 मामलों की कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में हेलमेट न पहनने पर 13,892 चालान और सीट बेल्ट न लगाने पर 3,240 चालान बनाए गए थे।
Author: Shabd Agni
.
