टैक्स दिए बगैर सड़कों पर दौड़ रहे वाहन
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन में 15 फरवरी से शुरू हुए विक्रमोत्सव व्यापार मेले में वाहन खरीदारों की भारी भीड़ तो उमड़ रही है, लेकिन टैक्स छूट की प्रक्रिया अटकने से डीलर और ग्राहक दोनों परेशान हैं। नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के पोर्टल अपडेट न होने की वजह से मेले में बिके वाहनों का टैक्स जमा नहीं हो पा रहा। नतीजा, एक हजार से ज्यादा वाहन बिना टैक्स चुकाए ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
डीलरों ने इनके इंश्योरेंस तो करा दिए, लेकिन अब टैक्स जमा न होने से पेनाल्टी का डर सता रहा है। ग्राउंड पर बात करने पर डीलरों ने बताया कि
एक-दो दिन में सिस्टम चालू होने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल असमंजस बरकरार है। इंदौर के मारुति डीलर अमन पटेल ने उज्जैन मेले में अपना स्टॉल लगाया है। पटेल ने कहा वाहन अच्छी संख्या में बिक रहे हैं, लेकिन एनआईसी का पोर्टल अपडेट नहीं है। हमने अधिकारियों से संपर्क किया तो पता चला कि 25 दिसंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 तक ग्वालियर में व्यापार मेला चल रहा है। नियमों के मुताबिक, एक राज्य में एक समय दो मेलों के लिए सिस्टम अपडेट नहीं हो सकता। इसी वजह से उज्जैन मेला पोर्टल पर एक्टिव नहीं किया जा रहा। अधिकारी एक-दो दिन में शुरू करने की बात कह रहे हैं। पटेल ने आगे बताया कि इस देरी से ग्राहकों को छूट का लाभ नहीं मिल पा रहा और डीलरों को भी नुकसान हो रहा है। इंदौर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के सह सचिव विशाल पमनानी ने कहा कि उज्जैन मेले में पहली बार ऐसी समस्या आ रही है।
डीलरों के मुताबिक मेले के पहले तीन दिनों में करीब एक हजार वाहन बिक चुके हैं। । इनका बीमा तो हो गया, लेकिन टैक्स एंटी न होने से आगे की फॉर्मेलिटीज रुकी हुई हैं। एक डीलर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ग्राहक असमंजस में हैं। वे वाहन घर ले जाना चाहते हैं, लेकिन टैक्स जमा न होने से रजिस्ट्रेशन अटका है। प्रशासन से मांग की है कि जल्द पोर्टल अपडेट कर टैक्स प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि राजस्व भी आए और ग्राहकों को फायदा हो।”
डीलरों को तीन दिन का अतिरिक्त समय देने की बात कही जा रही है, लेकिन अगर देरी बढ़ी तो पेनाल्टी लग सकती है।
Author: Shabd Agni
.
