जिला चिकित्सालय की सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत समीक्षा
शब्द अग्नि / अलीराजपुर
आलीराजपुर।कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में बुधवार को जिला रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा अस्पताल की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय आलीराजपुर में विगत दो वर्षों के दौरान किए गए विकास कार्यों, गुणवत्ता सुधार गतिविधियों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश ढोके ने बताया कि जिला चिकित्सालय में एनक्यूएएस (NQAS), लक्ष्य (LaQshya), मुस्कान एवं कायाकल्प कार्यक्रमों के अंतर्गत सतत गुणवत्ता सुधार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप अस्पताल की सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आपातकालीन (इमरजेंसी) यूनिट का विकास एवं सुदृढ़ीकरण, नवीन मीटिंग हॉल का निर्माण एवं उन्नयन, मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर स्टेशन की स्थापना तथा व्हीलचेयर की संख्या में वृद्धि की गई है। मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आरओ सहित पांच वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रक्त बैंक, एसएनसीयू, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट एवं अन्य विभागों में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य किए गए हैं। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 45 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए प्रत्येक पलंग पर सेंट्रल ऑक्सीजन प्वाइंट उपलब्ध कराए गए हैं। जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए विभिन्न कार्यों सहित रोगी कल्याण समिति की आय-व्यय का विवरण भी बैठक में प्रस्तुत किया गया।
Author: Shabd Agni
.