सूर्यकुमार सातवें स्थान पर,
शब्द अग्नि न्यूज़ । नई दिल्ली। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर बुधवार को आईसीसी की पुरुष टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच पायदान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत ने इस सीरीज के अब तक खेले गए तीनों मैच जीत लिए हैं। एक समय टी20 रैंकिंग में नंबर एक रहे सूर्यकुमार ने इन मुकाबलों में 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रन बनाए, जिससे उनकी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
अभिषेक शीर्ष पर बरकरार
टी20 विश्व कप से पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर हैं। हालांकि, चोट के कारण तिलक वर्मा इस श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। रायपुर में खेले गए दूसरे मैच में 32 गेंदों पर 76 रन की शानदार पारी खेलने वाले ईशान किशन ने रैंकिंग में दोबारा प्रवेश करते हुए 64वां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा, शिवम दुबे नौ पायदान ऊपर चढ़कर 58वें और रिंकू सिंह 13 स्थान की छलांग लगाकर 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान दो पायदान ऊपर चढ़कर 13वें, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज तीन पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे दरवेश रसूली ने 29 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 87वां स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में खेली गई 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन की पारी के दम पर बल्लेबाजों की रैकिंग में शीर्ष 20 में जगह बनाई है। वहीं, वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग 15 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 18 स्थान की छलांग लगाकर 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अभिषेक शर्मा रैंक-1 तिलक वर्मा रैंक – 3 सूर्यकुमार यादव रैंक-7
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा |
गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान पांच पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह चार पायदान ऊपर 13वें, जबकि रवि बिश्नोई 13 स्थान की छलांग लगाकर 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश आठ पायदान ऊपर चढ़कर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर पहुंचे हैं।
आईसीसी टी20 रैंकिंग – बल्लेबाज
आईसीसी टी20 रैंकिंग- गेंदबाज
ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में
पांड्या तीसरे स्थान पर
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने तीन मैचों में चार विकेट लेकर गेंदबाजों की रैंकिंग में 18 पायदान की छलांग लगाई और 59वें स्थान पर पहुंच गए। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 53वें स्थान पर काबिज हो गए हैं। ऑलराउंडरों की सूची में पांड्या एक पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वनडे रैंकिंग की बात करें तो इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक 17 पायदान ऊपर चढ़कर 11वें, जबकि जो रूट 23वें से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Author: Shabd Agni
.
