‘लुटेरी दुल्हन’ वकील को 25 लाख का चूना लगाकर प्रेमी संग फरार
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। एक युवती ने मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से हाईकोर्ट वकील चुना और 4 महीने के अंदर 25 लाख के आभूषण लेकर फरार हो गई। युवती ने जिस युवक को भाई बता कर वकील से मिलवाया वो भी उसका प्रेमी निकला। खुड़ैल पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वकील का आरोप है कि साजिश में युवती के माता-पिता, भाई-बहन, जीजा और भाभी भी शामिल हैं।
खुड़ैल पुलिस के अनुसार क्षेत्र में रहने वाले वकील भाजपा के विधि प्रकोष्ठ से भी जुड़े हैं। 24 नवंबर 2024 को निलिमा पुत्री संतोष सेंगर निवासी ग्राम मडोरी जिला जालीन (यूपी) से परमविहार कालोनी (नेमावर रोड़) पर निलिमा से शादी हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद खातीवाला टैंक (जूनी इंदौर) में रहने वाला शुभम गुप्ता घर आने लगा। पूछने पर निलिमा ने कहा वह उसकी मौसी का बेटा है। कुछ समय बाद पता चला शुभम उसका प्रेमी है और दोनों घंटों तक मोबाइल पर बात व चैटिंग करते हैं। 3 मार्च 2025 को निलिमा मायके जाने का बोलकर पिता संतोष सिंह सेंगर और प्रेमी शुभम गुप्ता उर्फ शुभम सेंगर के साथ चली गई।
बाद में पता चला वह घर में रखे 25 तोला वजनी सोने के आभूषण भी चुरा कर ले गई है। उसने वकील को धमकाया और पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दे डाली। कंपेल चौकी प्रभारी सत्येंद्रसिंह सिसोदिया ने जांच कर गुरुवार रात निलिमा और शुभम के खिलाफ कायमी कर ली। वकील ने उसकी मां सरोज सेंगर, पिता संतोष सेंगर, भाई सोनू उर्फ सुमित, भाभी नीमा, बहन आरती एवं जीजा दीपक भीरिया पर भी साजिश का आरोप लगाया है। पीड़ित वकील के अनुसार उसकी भी दूसरी शादी हुई थी। निलिमा को पहली शादी के बारे में बता दिया था। निलिमा की बहन ने कहा उसकी सात दिन में ही शादी टूट गई थी। पहला पति पागल था। आरोपितों ने इस संबंध में कोई दस्तावेज भी नहीं दिए।
निलिमा गुस्सैल प्रवृति की थी। बात-बात पर आत्महत्या की धमकी देती थी। घंटों तक शुभम से बातें करती थी। गुटखा और तंबाकू भी खाती थी। बाद में पता चला निलिमा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका मनोचिकित्सक से उपचार चल रहा है। वकील के जाने के बाद वह नींद की गोलियां खाती है। शक होने पर पूर्व पति से संपर्क किया और कोर्ट से तलाक के दस्तावेज निकाले गए। कोर्ट में उसकी पर्सनल डायरी भी पेश हुई थी। उसने कई सारी बातें लिखी थीं। निलिमा के मुंहबोले मामा राजपाल ने उसकी मांग तक भरी थी।
Author: Shabd Agni
.
