24 घंटे में पकड़ा गया, मोबाइल फोन भी जब्त
शब्द अग्नि न्यूज़ । उज्जैन। उज्जैन में 8वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। यह घटना उज्जैन के थाना जीवाजीगंज क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने माता-पिता के साथ 18 फरवरी 2026 को थाना जीवाजीगंज पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। बालिका ने बताया कि घर के सामने चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान उसकी पहचान करण नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने उसे मोबाइल नंबर देकर संपर्क करने का दबाव बनाया और बात न करने पर बदनाम करने की धमकी दी थी। आरोप है कि 18 फरवरी को आरोपी बालिका को गणेश चौक से ऑटो में बैठाकर हरिफाटक ब्रिज के पास बंधन मैरिज गार्डन के समीप एक टीनशेड में ले गया। वहां उसने जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से फोटो और वीडियो भी बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। लड़की के बयान के आधार पर थाना जीवाजीगंज में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Author: Shabd Agni
.
