शब्द अग्नि न्यूज़ /इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित से नवंबर 2025 में संपर्क कर आरोपियों ने कई ट्रांजेक्शन के जरिए 8 लाख 24 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, जिसके बाद मामला एरोड्रम पुलिस को सौंपा गया।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, अंबिकापुरी निवासी प्रवीण सोनी की शिकायत पर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रवीण जेसीबी संचालन का काम करते हैं। उन्होंने फेसबुक पर काम से जुड़ा अपना कार्ड डाला था। नवंबर में उनके पास एक व्हाट्सएप नंबर से लिंक आया, जो कंगन शॉप के नाम से था। इसमें 20% मुनाफे का दावा किया गया था। जब प्रवीण ने उस नंबर पर कॉल किया, तो एक महिला ने उन्हें ऑनलाइन काम का प्लान समझाया और बताया कि भुगतान करने पर ऑनलाइन सामान मिलेगा, जिस पर 20% लाभ होगा। इसके बाद प्रवीण ने “वैभवी स्टोर” के नाम से कंगन शॉप पर ऑनलाइन शॉप खोली। 5 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच प्रवीण से फोन- पे और गूगल पे के जरिए कुल 8 लाख 24 हजार रुपए जमा करवाए गए। शुरुआत में खाते में मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब रकम निकालने की कोशिश की गई तो मना कर दिया गया। बाद में खाता ब्लॉक हो गया, जिससे उन्हें ठगी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। 5 जनवरी के आसपास जिस महिला ने संपर्क किया था, उसने अपना मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। बुधवार को एरोड्रम थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
Author: Shabd Agni
.
