शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। डीआरपी लाइन स्थित क्वार्टर में रविवार को एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। छात्रा मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी और इंदौर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एमजी रोड थाना पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दुर्गा कन्नोजे ( 17 ) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह काफी देर तक कमरे से बाहर नही निकली थी। इस पर उसकी चचेरी बहन उसे देखने कमरे तक गई, लेकिन वापस लौट आई। कुछ समय बाद जब दुर्गा को फिर आवाज दी गई और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने अपने पिता विक्रम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां दुर्गा अंदर फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजनों के अनुसार दुर्गा एक दिन पहले ही धार से इंदौर आई थी। इससे पहले वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी, लेकिन कॉलेज की पढ़ाई शुरू होने के बाद वह अपने चाचा के यहा रहने लगी थी। पुलिस को मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। दुर्गा के पिता किसान हैं और उसकी एक बहन व एक भाई गांव में रहते हैं। वहीं, उसके चाचा और बुआ इंदौर पुलिस में पदस्थ बताए गए हैं।
निजी कंपनी के ड्राइवर ने भी फांसी लगाई
अभिषेक नगर क्षेत्र में भी रविवार को आत्महत्या की एक और घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक कपिल सिसौदिया (30) पुत्र मोहनलाल सिसौदिया ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। कपिल एक निजी कंपनी में वाहन चालक था। रविवार शाम वह घर लौटा था। परिजनों को लगा कि वह कमरे में सो रहा है, लेकिन जब उसकी पत्नी कमरे में पहुंची तो वह फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई और कपिल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे घोषित कर दिया। घटना के समय कपिल की पत्नी रसोई में खाना बना रही थी, जबकि उसका बेटा और बेटी बाहर दादी के पास खेल रहे थे। वहीं कपिल के पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। परिजनों ने बताया कि कपिल की दो बहने हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक कपिल ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया. इसकी कोई वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि संभव है घर के बाहर उसकी किसी से बातचीत हुई हो। फिलहाल उसके मोबाइल नंबर के आधार पर दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
Author: Shabd Agni
.
