VISITORS

0 0 7 2 0 5

April 2, 2026 3:14 pm

+91 8878812345

Explore

Search

April 2, 2026 3:14 pm

पानी और सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे निगम कमिश्नर

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने मंगलवार को जोन क्रमांक – 13 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई और पानी की सप्लाई व्यवस्था देखी। वे भोलाराम उस्ताद मार्ग, पिपलिया राव रिंग रोड, अंबिकापुरी क्षेत्र, गोकुलधाम कॉलोनी, विष्णुपुरी, पिपलिया पाला और रीजनल पार्क इलाके में पहुंचे और व्यवस्थाओं को देखा।
अंबिकापुरी इलाके में दूषित पानी सप्लाई और सीवर ओवरफ्लो की शिकायत आ रही थी। कमिश्नर ने वहां पानी की सप्लाई और सीवेज लाइनों को देखा और यहां गंदगी मिलने पर संबंधित सीएसआई और एनजीओ के प्रतिनिधि को फटकार लगाते हुए कहा कि ये स्थान
किसी भी हालत में कचरा पाइंट न बने। अंबिकापुरी इलाके में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर क्षेत्रीय दरोगा चेतन लोट को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। वहीं संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे राहुल गांधी नगर इलाके में पानी की सप्लाई और गंदे पानी की समस्या के समाधान के काम को देखने पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से भी चर्चा की। लोगों ने बताया कि पूर्व में गंदा पानी आता था, लेकिन सुधारात्मक कामों के बाद पानी साफ मिल रहा है। निगम कमिश्नर ने लोगों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा देने और सार्वजनिक जगहों पर कचरा ना फैलाने की अपील भी की।
गोकुलधाम कॉलोनी में दूषित पानी की समस्या के निराकरण के लिए किए कामों और इलाके में हो रहे नर्मदा पानी की सप्लाई को देखा। उन्होंने ऑन द स्पॉट ही इलाके में हो रहे पानी सप्लाई में क्लोरिनेशन चेक कराया, जिसमें पानी शुद्ध पाया गया। इसके बाद विष्णुपुरी एनएक्स में दूषित पानी की समस्या निराकरण के बाद इलाके में दौरा किया और लोगों से बातचीत की। निगम कमिश्नर सिंघल ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, सीएसआई और विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उनके अधीनस्थ सभी कर्मचारी नियम समय और निर्धारित जगह पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन निर्धारित समय पर इलाके में नहीं निकलें तो संबंधित विभाग प्रमुख व अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर