बेटे ने पैसे मांगने पर पिता को मुर्गी काटने वाले हथियार से किया कत्ल, दो दिन में पुलिस ने किया गिरफ्तार
रिपोर्टर सईद अनवर खान
शब्द अग्नि न्यूज़ । धार । डेहरी– परिवार में छोटे-मोटे पैसे के विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। धार जिले के बाग थाना क्षेत्र के ग्राम आसपुर में बेटे मुकेश ने अपने पिता कुंवर सिंह की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मात्र दो दिन में आरोपी को धर दबोचा है, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
घटना 20 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। मुकेश (उम्र लगभग 30 वर्ष, पिता: कुंवर सिंह, जाति: बघेल) ने अपने पिता कुंवर सिंह (उम्र लगभग 60 वर्ष) से पैसे मांगे। पिता द्वारा इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर मुकेश ने घर में उपलब्ध मुर्गी काटने वाले लोहे के धारदार कोस (फरसा जैसा हथियार) से पिता पर बेरहमी से वार किए। हमले में कुंवर सिंह के सिर, कमर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद मुकेश ने घटनास्थल को पानी से धोकर खून के निशान मिटाए और शव को नहला कर फरार हो गया। बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई की। घटना के मात्र दो दिन बाद 22 जनवरी 2026 को आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया। FIR दर्ज होने के चंद घंटों में ही आरोपी पकड़ा जाना पुलिस की सतर्कता को दर्शाता है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
मुकेश पहले से ही कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ थाना बाग में 4 और थाना राजगढ़ में 1 सहित कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, अवैध हथियार रखना, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
विभिन्न धाराओं में कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 103(1) के तहत हत्या के दोषी को मृत्युदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
Author: Shabd Agni
.
