कई नामचीन लोग शामिल थे बारात में
शब्द अग्नि / इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नगर अध्यक्ष की बारात में हर्ष फायर किए गए। इसका वीडियो सामने आया है। हालांकि, बारात में शामिल बीजेपी पदाधिकारियों ने घटना की जानकारी न होने की बात कही है। वहीं, पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
BJYM के नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा की बारात 5 दिसंबर को तेजाजी नगर इलाके से गोल्डन ब्लॉसम रिसॉर्ट तक गई थी। इसमें कई पार्टी नेता शामिल हुए थे। बारात में शराब माफिया, महू के एक गैंगस्टर के बेटे सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे। बारात के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। इसी दौरान शराब माफिया और बीजेपी से जुड़े एक नेता ने बंदूक और पिस्तौल से हर्ष फायर किए।
मेयर का नाचते हुए वीडियो भी
बारात में इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव, राऊ विधायक के प्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद भी शामिल हुए थे। मेयर का नाचते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। मामले पर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा- वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। करीब एक महीने पहले भी बीजेपी और करणी सेना से जुड़े पृथ्वी सिंह द्वारा बारात में हर्ष फायर करने का वीडियो सामने आया था। खजराना पुलिस ने आरक्षक प्रदीप सूर्यवंशी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान पता चला कि हर्ष फायर पृथ्वी सिंह ने किया है। पृथ्वी सिंह इंदौर 5 के विधायक के करीबी बताए जाते हैं। टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक, वायरल वीडियो में फायर करने वाली बंदूक लाइसेंसी है। वरिष्ठ अफसरों के निर्देशन में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
Author: Shabd Agni
.
