VISITORS

0 0 7 1 6 3

March 29, 2026 6:12 pm

+91 8878812345

Explore

Search

March 29, 2026 6:12 pm

नवविवाहिता के सुसाइड मामले में पति गिरफ्तार,

 सास की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके पति और सास को आरोपी बनाया है। मायके पक्ष के बयान के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। बुधवार सुबह पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं सास की तलाश जारी है। थाना प्रभारी (टीआई) सुशील पटेल के अनुसार 21 वर्षीय पायल जादम की 21 दिसंबर को जहर खाने से मौत हो गई थी। मामले की जांच एसीपी स्तर पर की गई, जिसमें पति हेमप्रकाश जाद और सास आशा जादम पर दहेज की मांग और लगातार प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। टीआई ने बताया कि आरोपी पति हेमप्रकाश को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी मां आशा जादम फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। हेमप्रकाश मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला है और मजदूरी करता है। पायल खंडवा की रहने वाली थी। दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। पुलिस के मुताबिक पति और सास द्वारा पायल को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर पायल ने जहर खा लिया। घटना के बाद पुलिस ने पायल के कमरे की तलाशी ली, जहां से जहर की गोलियां बरामद हुईं। फिलहाल पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है और सास की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर