शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर से बरेली के बीच चलने वाली इंदौर- बरेली एक्सप्रेस अब नए एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच से संचालित होगी। रेलवे प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार से यह ट्रेन नई रैक संरचना के साथ चलेगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा।
इंदौर जंक्शन से बनकर चलने वाली 11 ट्रेनों में यह तीसरी ट्रेन होगी, जिसमें एलएचबी रैक लगाई जा रही है। इंदौर-बरेली एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार सुबह 11:25 बजे बरेली जंक्शन से रवाना होकर आंवला, चंदौसी, बहजोई, बबराला, अलीगढ़, आगरा फोर्ट, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, विदिशा और उज्जैन होते हुए अगले दिन सुबह 8:55 बजे इंदौर पहुंचेगी।
वापसी में 14319 महाकाल एक्सप्रेस इंदौर से शाम 4:45 बजे चलकर दूसरे दिन दोपहर 3:20 बजे बरेली पहुंचेगी। पहले इस ट्रेन में 23 आईसीएफ कोच लगाए जाते थे, अब 17 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। एलएचबी कोच स्टेनलेस स्टील बॉडी से बने होते हैं और इनमें एंटी-क्लाइंबिंग फीचर होता है। दुर्घटना की स्थिति में कोच एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते, जिससे जान-माल का नुकसान कम होता है। इन कोचों में बेहतर सस्पेंशन, अधिक स्पीड क्षमता और ज्यादा यात्री क्षमता भी होती है। रेलवे प्रबंधन के अनुसार, नई रैक संरचना से यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिलेगी। महाकाल (उज्जैन), इंदौर, आगरा, ग्वालियर और झांसी जाने वाले यात्रियों के लिए यह बदलाव बड़ी राहत माना जा रहा है।
Author: Shabd Agni
.
