न्यू ईयर की पार्टी के दौरान दोस्ती को किया कलंकित
शब्द अग्नि/इंदौर। मल्हारगंज इलाके में नए साल की रात पार्टी के दौरान विवाद हो गया, जिसमें दोस्तों ने ही मिलकर एक दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम पुष्पेंद्र (22) निवासी हुकुमचंद कॉलोनी बताया गया है। 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक मकान में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, इसी दौरान विवाद हो गया। चाकूबाजी में पुष्पेंद्र को चाकू के गंभीर घाव लगे, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
पुलिस इस घटनाक्रम में आरोपियों की तलाश कर रही है। टीआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक 31 दिसंबर को पुष्पेंद्र पुत्र राजकुमार का जन्मदिन था। इसी आयोजन में उसने अपने अन्य दोस्तों के साथ गब्बू उर्फ नीरज यादव को भी बुलाया था। रात करीब साढ़े 12 बजे मजाक के दौरान पुष्पेंद्र ने नीरज यादव को अपशब्द कह दिए। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसमें नीरज ने उस दिन चाकु से हमला कर दिया। रात में दोस्त उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रातभर आरोपी की तलाश की और अलसुबह नीरज यादव को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है। पुष्पेंद्र कौशल के जीजा ने बताया कि पार्टी आरोपी बब्बू यादव के घर पर ही चल रही थी, जिसमें लगभग 8 से 10 लोग शामिल थे। पुष्पेंद्र के सीने पर एक ही वार हुआ, जिससे उसका हार्ट पंचर हो गया। चाकू मारने के बाद बब्बू मौके से भाग गया। उसका भाई पुष्पेंद्र को अस्पताल लेकर गया था। पुष्पेंद्र कोई काम नहीं करता था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था और सभी बहनों की शादी हो चुकी है। उसके पिता नुक ब्राइंडिंग का काम करते हैं। पुष्पेंद्र की मौत के बाद उसके दोस्तों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
Author: Shabd Agni
.
