बायो माइनिंग से खत्म होगा ढेर, बनेगी हरियाली और सेल्फी पॉइंट एमआर 5 के ट्रांसफर स्टेशन से कचरा हटना शुरू
उज्जैन। नगर निगम ने एमआर 5 स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर 10 वर्ष से अधिक पुराने कचरे (लिगेसी वेस्ट) के निष्पादन के लिए बायो माइनिंग प्रक्रिया शुरू की है। इस मुहिम का उद्देश्य कचरे के विशाल ढेर को हटाकर वहां एक उद्यान और सेल्फी पॉइंट विकसित करना है। मंगलवार को निगम आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर कार्य की निगरानी की। एमआर 5 ट्रांसफर स्टेशन पर यह कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। पिछले एक माह में लगभग 50 हजार टन कचरे का निष्पादन किया जा चुका है। अगले डेढ़ माह में शेष कचरे को भी हटाकर इस स्थान को मैदान का स्वरूप दिया जाएगा, जिससे उद्यान निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। वर्तमान में तीन अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है और आयुक्त के निर्देश पर मशीनों, संसाधनों तथा मानव शक्ति में वृद्धि की गई है ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान बताया कि कचरे का निष्पादन शुरू होने से 25 से अधिक कॉलोनियों के निवासी संतुष्ट हैं। उन्हें जल्द ही यहां कचरे, बदबू और गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, पवन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार और वर्कशॉप वाहन प्रभारी उमेश बेस भी मौजूद थे। पुराने कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मिट्टी को अलग किया जा रहा है, जिसका उपयोग उद्यान के विकास में होगा। दूसरे चरण में सीएंडडी (निर्माण और विध्वंस) कचरे को अलग किया जाएगा, जिससे पेपर ब्लॉक बनाए जाएंगे। तीसरे चरण में आरडीएफ ( ईंधन के रूप में उपयोग होने वाला कचरा) को अलग कर सीमेंट फैक्ट्रियों में ज्वलनशील पदार्थ के रूप में उपयोग किया जाएगा, जिससे नगर निगम को
राजस्व भी प्राप्त होगा
आयुक्त मिश्रा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को घर के बाहर आने वाली कचरा गाड़ी में ही दें। इससे भविष्य में इस प्रकार का लिगेसी वेस्ट निर्मित नहीं होगा और रहवासियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Author: Shabd Agni
.
