सुबह रंगों की बौछार तो शाम को भारत की जीत बनी त्योहार
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। इंदौर में यह पहला मौका था, जब राजवाड़ा दिन में और रात में जश्न से गुलजार रहा। सुबह वहां रंगपंचमी मनी और शाम को भारत के विश्व विजेता बनने की खुशी । जो लोग सुबह रंग खेलकर थके-मांदे दिन में घर लौटे थे. टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद वे फिर नई ऊर्जा के साथ रात को राजवाड़ा लौटे।
मैच एकतरफा था। इस कारण मैच खत्म होने से पहले ही राजवाड़ा पर भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। जैसे ही न्यूजीलैंड टीम के आखिरी बल्लेबाज का विकेट गिरा और जीत भारत के नाम हुई, वैसे ही शहर कुछ देर के लिए आतिशबाजी और पटाखों की गूंज से गूंज उठा। क्रिकेट प्रेमी टीवी स्क्रीन छोड़कर अपनी गाड़ियों से राजवाड़ा की ओर निकल पड़े। राजवाड़ा पर क्रिकेट दीवानों की भीड़ इकट्ठा हो गई। रंग-गुलाल, पटाखों के बीच ढोलकों की थाप पर क्रिकेट प्रेमी तिरंगे के साथ नाचे । भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा राजवाड़ा गूंज रहा था।
गलियों में भी भीड़
राजवाड़ा से जुड़ी गलियों में भीड़ ही भीड़ थी। भीड़ ज्यादा बढ़ी तो लोग अपनी गाड़ियां इधर-उधर रखकर राजवाड़ा पहुंचे। कोई अपनी कार की छत पर बैठकर नारे लगा रहा था तो कोई दोस्तों के कंधे पर बैठकर नाच रहा था। बड़ा ही अद्भुत नजारा था राजवाड़ा का बना रहा जीत का उत्साह करीब एक घंटे तक राजवाड़ा भारतीय जीत के उल्लास का केंद्र बना रहा। भीड़ में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए। कई परिवार अपने बच्चों के साथ तिरंगा हाथ में लिए जश्न मनाने पहुंचे। लोग नाचते-गाते अपनी खुशियां प्रकट कर रहे थे। कुछ देर बाद चौक पर मौजूद भीड़ को पुलिसकर्मियों ने शांतिपूर्वक अपने-अपने घरों की ओर लौटने के लिए। कहा। गली-मोहल्लों में भी मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख चौराहों और कॉलोनियों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं, जिस पर फाइनल मैच का लुत्फ लोगों ने उठाया । राजवाड़ा पर भी एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोग मैच का सीधा प्रसारण देख रहे थे। पूरे शहर में देर रात तक जीत का जश्न जारी रहा और इंदौर एक बार फिर देशभक्ति और क्रिकेट प्रेम के रंग में सराबोर रहा।
Author: Shabd Agni
.
