शब्द अग्नि न्यूज़ । खरगोन। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने नगरीय निकायों में विभिन्न वार्डों में प्रतिदिन पानी के नमूना लेकर परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निकायों द्वारा लीकेज सुधार, ओवरहेड टंकी सफाई, ट्यूबवेल परीक्षण के कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने सभागार में आयोजित नगरीय विकास और आवास विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने जलावर्धन योजना अंतर्गत पानी के कम प्रेशर से प्रभावित क्षेत्रों में निराकरण की स्थिति, अमृत 2.0 अंतर्गत जल प्रदाय परियोजना तथा प्रदूषित जल के संबंध में की जा रही कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना अंतर्गत सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण, सांस्कृतिक और सामुदायिक भवन निर्माण जैसे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आवास योजना 1.0 अंतर्गत पूर्ण आवासों की संख्या और वसूली की जाने वाली राशि की जानकारी प्राप्त की तथा पीएम आवास योजना 2.0 अंतर्गत सत्यापित, अस्वीकृत और हितग्राही द्वारा वापस लिए गए आवेदनों की समीक्षा की और सत्यापित आवेदनों की जिओ टैगिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वनिधि योजना अंतर्गत हितलाभ वितरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए अन्यथा कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि 100 दिवस के अधिक समय से लंबित शिकायतों को बंद किया जाए। उन्होंने बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारियों के समय सीमा पत्रकों की समीक्षा कर सांसद निधि के कार्यों, जनहित याचिकाओं और उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, नगरीय निकायों अंतर्गत बाल सुलभ शौचालयों की जानकारी प्राप्त की।
Author: Shabd Agni
.
