फसलों को नुकसान की आशंका, डेढ़ डिग्री बढ़ा न्यूनतम
शब्द अग्नि न्यूज़ । । उज्जैन में गुरुवार- शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही। लगातार बारिश के चलते शहर के मौसम में ठंडक घुल गई। सुबह कामकाज के लिए घर से निकले लोगों को बारिश और ठंडी हवाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग छाता और गर्म कपड़ों के सहारे खुद को बचाते नजर आए।
फरवरी में लगातार दूसरे दिन बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। जिसे लेकर किसान चिंतित हैं। शासकीय जीवाजी वेधशाला के मुताबिक बीती रात 2.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तापमान में बदलाव शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार के 31 डिग्री की तुलना में 3 डिग्री कम रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री था, जबकि बीती रात बारिश के बाद न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री बढ़कर 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्र गुप्त ने बताया कि 22 फरवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयीन क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से सर्दी में कमी आने और दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। अगले चार दिनों तक शहर में बादल छाए रहने के आसार हैं। कहीं- कहीं मावठा गिरने के संकेत भी जताए गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।
थोड़ी-सी बारिश के चलते लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी। वार्ड 46 के संतराम सिंधी कॉलोनी में हाल ही सड़क का निर्माण हुआ है। जिसे मकानों के लेवल से ऊपर बना दी। जिसके चलते आज हुई थोड़ी-सी बारिश के बाद कई घरों में पानी घुस गया। रहवासियों ने ठेकेदार पर कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
Author: Shabd Agni
.
