हरमनप्रीत कौर डब्ल्यूपीएल में 1000 रन बनाने वाली इकलौती भारतीय
नवी मुंबई | मुंबई ने गुजरात को सात विकेट से हरा दिया। मंगलवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में गुजरात जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए । जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.2 ओवर में तीन विकेट पर 193 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक 71* रनों की पारी खेली।
डब्ल्यूपीएल का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज
डब्ल्यूपीएल में यह मुंबई द्वारा चेज किया दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य है। इससे पहले मुंबई ने दिल्ली में गुजरात के ही खिलाफ 191 रन बनाए थे। इस मामले में शीर्ष पर आरसीबी है जिसने गुजरात के खिलाफ पिछले मुकाबले में 202 रन बनाए थे।
गुजरात की पारी
टीम को पहले ही ओवर में बेथ मूनी का कैच छूटने का फायदा मिला और उन्होंने 33 रन की पारी खेली। कनिका आहूजा ने सिर्फ 9 गेंदों में 35 रन बनाकर तेजी से रन बटोरे, जबकि कप्तान एश्ले गार्डनर ने 20 रन जोड़े। मध्य ओवरों में मुंबई की गेंदबाजी के सामने गुजरात की रफ्तार थोड़ी थी और आयुषी सोनी की 14 गेंदों में 11 रन की पारी ने दबाव बढ़ाया।
हालांकि, अंत में जॉर्जिया वेरहम (नाबाद 43 ) और भारती फुलमाली (नाबाद 36 ) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फुलमाली ने 15 गेंदों में तीन छक्के और तीन चौके लगाए और आखिरी तीन ओवरों में 49 रन जोड़कर गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
मुंबई इंडियंस की पारी
192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो गए, जिससे स्कोर 37/2 हो गया। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी संभाली और अमनजोत कौर के साथ मिलकर मैच का रुख पलट दिया। हरमनप्रीत ने सिर्फ 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो डब्ल्यूपीएल में उनका 10वां अर्धशतक था। इसी दौरान उन्होंने टूर्नामेंट में 1000 रन पूरे कर डब्ल्यूपीएल इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी बनाया। अमनजोत 26 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली। उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत को निकोला कैरी का साथ मिला, जिन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए । हरमनप्रीत ने 43 गेंदों में नाबाद 71 रन (7 चौके, 2 छक्के) की मैच जिताऊ पारी खेली और कैरी के साथ 84 रन की अटूट साझेदारी कर मुंबई को चार गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिलाई। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास में मुंबई का सबसे बड़ा सफल
रन चेज रहा।
Author: Shabd Agni
.
