शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर | नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सोमवार को जोन क्रमांक 9 के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र, देव नगर, पांचू की चाल सहित अन्य इलाकों में चल रहे जलप्रदाय लाइनों के कार्यों का निरीक्षण किया। यहां दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए नई पानी की लाइन डालने का काम किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने विशेष रूप से दूषित पानी की समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही दूषित पानी की समस्या के समाधान के तहत हो रहे कार्यों को देखकर उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके बाद निगमायुक्त ने देव नगर और पांचू की चाल इलाके में जलप्रदाय लाइन डालने के कार्यों को तेज करने, समय सीमा में काम पूरा करने और कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्र के रहवासियों से संवाद भी किया। लोगों ने दूषित पानी और जल आपूर्ति से जुड़ी अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। निगमायुक्त ने इन समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Author: Shabd Agni
.
