एक और वीडियो आया सामने…
सड़क और परिसर में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर मरीज को ले जा रहे परिजन
शब्द अग्नि न्यूज़ । • इंदौर MYH से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो घटनाक्रम हैं। इसमें परिजन स्ट्रेचर पर मरीज को अस्पताल परिसर में ले जा रहे हैं। इसी में एक और मरीज के परिजन उसे व्हीलचेयर पर ले जा रहे हैं। खास बात यह है कि स्ट्रेचर और व्हीलचेयर दोनों ही सरकारी अस्पताल के नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो महिलाएं सड़क पर स्ट्रेचर पर मरीज को ले जा रही थीं। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं हुई है।
अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर अशोक यादव ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह वीडियो शनिवार का है, इसमें स्ट्रेचर पर जो मरीज है उसे परिजन ओपीडी से कैजुअल्टी की ओर ले आ रहे हैं। यह देखते ही अस्पताल का वार्ड बॉय वहां पहुंचा और फिर उसे खुद अंदर लाया। दूसरा वीडियो जो व्हीलचेयर का है उसे किसी एम्बुलेंस ने गेट के पास छोड़ तो परिजन उसे कैजुअल्टी तक ले आए थे। इसके बाद अस्पताल स्टाफ में उसे भी अस्पताल में लिया।
इससे पहले 13 दिन पहले ही एमवायएच में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दो महिलाएं एक मरीज को पहिए वाले स्ट्रेचर पर लेकर सड़क पार करती नजर आ रही थीं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि दोनों महिलाएं, जो संभवतः मरीज की परिजन हैं, भरे ट्रैफिक के बीच शासकीय डेंटल कॉलेज के सामने से गुजरती हुई एमवाय अस्पताल की ओर बढ़ रहीं थीं। अस्पताल का मुख्य गेट बंद होने के कारण उन्हें मरीज को स्ट्रेचर पर ही धकेलते हुए अगले गेट तक जाना पड़ रहा था। यह पूरी घटना करीब 1 मिनट 21 सेकंड के वीडियो में कैद रही। इस वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इंदौर निवासी संदीप मीणा द्वारा (इंदौर अपडेट) पेज पर अपलोड किया गया था।
Author: Shabd Agni
.
