सिनर को हराकर फाइनल में पहुंचे, अब अल्कारेज से सामना
शब्द अग्नि न्यूज़ । मेलबर्न। सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैड ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। जोकोविच ने पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में इटली के यानिक सिनर को चार घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हराया। जोकोविच इस तरह अपने रिकॉर्ड 25वें ग्रैंडस्लैम खिताब से एक कदम दूर हैं। जोकोविच का अब फाइनल में सामना स्पेन के कार्लोस अल्कारेज से होगा जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में एलेक्सजेंडर ज्वेरेव को 6-4, 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 (4), 7-5 से हराया। ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले उम्रदराज खिलाड़ी 38 साल के जोकोविच ने दो बार के गत चैंपियन सिनर को मात दी और वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में पहुंचने वाले ओपन एरा के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता जोकोविच रविवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना 11वां खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे। जोकोविच ने यहां 2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019, 2020, 2021 2023 में खिताब जीते हैं। जोकोविच सबसे ज्यादा बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले खिलाड़ी हैं।
मार्गरेट कोर्ट को पीछे छोड़ने का मौका
जोकोविच अब इतिहास रचने की दहलीज पर पहुंच गए हैं। जोकोविच के नाम पुरुष एकल वर्ग में सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने का रिकॉर्ड है। जोकोविच से ज्यादा पुरुषों में किसी ने ग्रैंडस्लैम नहीं जीते हैं। जोकोविच की तरह ही ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट ने भी 24 ग्रैंडस्लैम जीते हैं और अब सर्वियाई खिलाड़ी के पास उन्हें पीछे छोड़कर पुरुष और महिला मिलाकर सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने का अवसर है। जोकोविच ने जीत के बाद कहा, सच कहूं तो मेरे पास शब्द नहीं हैं। यह सब अविश्वसनीय लग रहा है। हमने चार घंटे से ज्यादा समय तक खेला और इससे मुझे 2012 की याद आ गई जब मैंने फाइनल में राफा ( नडाल ) के खिलाफ लगभग छह घंटे तक खेला था। इस मैच टेनिस का स्तर बेहद ऊंचा था। मुझे पता था कि यही एकमात्र तरीका है जिससे मैं सिनर के खिलाफ जीत हासिल कर सकता हूं।
किस तरह पल-पल बदलता रहा मुकाबला
1. जोकोविच और सिनर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला पल-पल बदलता रहा और अंतिम सेट तक ये बेहद रोमांचक रहा।
2. सिनर ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया था, लेकिन जोकोविच ने वापसी करते हुए 6-3 से दूसरा सेट जीता।
3. सिनर ने फिर तीसरा सेट 6-4 से जीता पर जोकोविच भी हार मानने को तैयार नहीं थे और उन्होंने चौथा सेट 6-4 से अपने नाम किया।
4। अब मैच का नतीजा पांचवें सेट में जाकर निकलना तय हुआ जिसमें जोकोविच ने शानदार वापसी करते हुए 6-4 से जीत दर्ज की।
Author: Shabd Agni
.
