शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। जल सुनवाई के दौरान शिकायतों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। पिछले महीने इंदौर के वार्ड 49 में 7 शिकायतें आई थीं, जो इस मंगलवार को केवल दो ही शिकायतें आईं। जबकि पूरे नगर निगम क्षेत्र में 20 जनवरी को करीब 300 शिकायतें आई थीं। नगर निगम का दावा है कि इनमें से 153 शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है। ज्यादा शिकायतें कम दबाव से पानी आने की या पानी नहीं आने की हैं। ऐसे कुछ चिह्नित इलाकों में अमृत 2 योजना के तहत पानी सप्लाय किया जाना है। इस प्रोजेक्ट को भी नगर निगम तेजी से पूरा कर रहा है।
भागीरथपुरा में दूषित पानी से लगातार मौतें होने के बाद सरकार के आदेश पर जल सुनवाई शुरू की गई है। नगर निगम के जल कार्य प्रभारी बबलू शर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया कि शहर की 105 टंकियों पर शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। यहां उपयंत्री से लेकर, इंजीनियर, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर भी सुनवाई में बैठ रहे हैं। उनके साथ स्थानीय पार्षद, एमआईसी सदस्य और महापौर भी अलग- अलग वार्डों में शिकायतें सुन रहे हैं।
शर्मा ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायतें पानी कम दबाव से आने की या नहीं आने की है। कहीं-कहीं पानी के समय का इश्यू है तो गंदे और दूषित पानी की शिकायतें भी आ रही है। हम शिकायतों का तत्काल निराकरण कराते जा रहे हैं। वार्ड 49 के पार्षद राजेश उदावत ने बताया कि पिछले सप्ताह गोयल नगर के रहवासी अनिल भंडारी ने नर्मदा के पानी में ड्रेनेज का पानी मिलने की शिकायत की थी। हमने तत्काल उनका ड्रेनेज लाइन ठीक करवा दिया।
Author: Shabd Agni
.
