डिमांड खारिज होने के बावजूद झुकना पड़ा
शब्द अग्नि न्यूज़ । नई दिल्ली। आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मीटिंग में बड़ा फैसला हुआ है, जहां पीसीबी को फिर से घुटने टेकने पड़े हैं। एबीपी की रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए मान गई है। खबर यह भी है कि उसकी तीन डिमांड को आईसीसी ने खारिज कर दिया है। मतलब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे पहले विवाद तब शुरू हुआ, जब बांग्लादेश ने भारत में अपने मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया। आईसीसी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बांग्लादेश नहीं माना, तो उसे टूर्नामेंट से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को एंट्री दे दी गई।
इसके बाद बांग्लादेश को सपोर्ट करने के लिए पाकिस्तान सामने आया और उसने टी20 वर्ल्ड कप के बायकॉट की धमकी देनी शुरू कर दी। 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने फैसला लिया कि उनकी क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में तो हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ चेतावनी दी। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से आईसीसी को एक लेटर लिखा गया, जिसमें वह बातचीत के लिए राजी हुआ। इस दौरान यह खबर भी सामने आई कि पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने 5 बड़ी डिमांड्स रखी थीं, जिनमें से 3 को आईसीसी ने खारिज कर दिया है।
Author: Shabd Agni
.
