अमेरिका को हराया
शब्द अग्नि न्यूज़ । कोलंबो। साहिबजादा फरहान की बल्लेबाजी के बाद उस्मान तारक की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप में अमेरिका को 32 रनों से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए । जवाब में अमेरिका की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। अमेरिका के लिए शुभम रंजन ने अर्धशतक लगाया, लेकिन वह भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंचा पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम ने इस तरह ग्रुप चरण में अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। पाकिस्तान ने पहले मैच में नीदरलैंड को हराया था और अब उसने अमेरिका को मात दे दी है। पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि भारतीय टीम दूसरे स्थान पर है। भारत का अबतक एक ही मैच हुआ है और उसने भी अमेरिका को हराया था।
अमेरिका की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की शुरुआत अच्छी रही और आंद्रिस और जहांगीर ने पहले विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। आंद्रिस के आउट होने के साथ ही इस साझेदारी का अंत हुआ जो 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल भी तीन बनाकर आउट हुए। जहांगीर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अमेरिका ने नियमित रूप से विकेट गंवाए। शुभम एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने अर्धशतक लगाया, लेकिन अंत में वह भी आउट हो गए। शुभम ने 30 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए । मिलिंद कुमार 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शुभम, मिलिंद और जहांगीर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सका। पाकिस्तान की ओर से उस्मान ने तीन विकेट लिए, जबकि शादाब खान को दो सफलता मिली। वहीं, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज को एक-एक विकेट मिला। पाकिस्तान के लिए फरहान की शानदार बल्लेबाजी पाकिस्तान के लिए फरहान ने शानदार बल्लेबाजी की और 41 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 73 रन बनाए । पाकिस्तान के लिए फरहान के अलावा बाबर आजम ने 32 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए, जबकि शादाब खान ने 12 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए । सईम अयूब 19, मोहम्मद नवाज पांच, सलमान आगा एक और फहीम अशरफ ने एक रन बनाए। वहीं, शाहीन अफरीदी नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। अमेरिका की ओर से शाल्कविक के चार विकेटों के अलावा सौरव नेत्रवल्कर, मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह को एक-एक विकेट मिला।
Author: Shabd Agni
.
