जुरेल के नाबाद शतक से जीता यूपी,
नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज के तीसरे दौर में रन बरसते दिखे और कई एकतरफा मुकाबले देखने को मिले । उत्तर प्रदेश के लिए ध्रुव जुरेल के विस्फोटक नाबाद शतक और रिंकू सिंह की अहम पारी ने टीम को शीर्ष पर बनाए रखा, वहीं दिल्ली ने ऋषभ पंत के साधारण प्रदर्शन के बावजूद सौराष्ट्र पर रोमांचक जीत दर्ज की। इसके अलावा मुंबई, ओडिशा, रेलवे, हरियाणा, बंगाल, विदर्भ और असम ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल कर अंक तालिका की तस्वीर और साफ कर दी।
जुरेल का कहर, यूपी की लगातार तीसरी जीत
राजकोट में उत्तर प्रदेश के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने चयन से चूकने की निराशा को मैदान पर उतारते हुए 101 गेंदों पर नाबाद 160 रन ठोक दिए। रिंकू सिंह (63) के साथ उनकी शतकीय साझेदारी ने यूपी को 369/7 तक पहुँचाया। जवाब में बड़ौदा की टीम 315 रन पर सिमट गई और यूपी ने 54 रन से जीत दर्ज कर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया।
दिल्ली ने सौराष्ट्र को तीन विकेट से हराया
ग्रुप डी के मुकाबले में दिल्ली ने 321 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए सौराष्ट्र को तीन विकेट से शिकस्त दी। ओपनर प्रियंश आर्य (78) और तेजस्वी दहिया (53) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों ने जीत की नींव रखी। कप्तान ऋषभ पंत बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन हर्ष त्यागी (49) और नवदीप सैनी (नाबाद 34 ) की सूझबूझ भरी साझेदारी ने दिल्ली को 48.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचाया। इससे पहले सौराष्ट्र की ओर से विश्वरराजसिंह जडेजा ने 115 रन बनाए, जबकि सैनी ने गेंद से 3/41 का शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ दिल्ली ग्रुप डी में 12 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई।
मुंबई ने छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से रौंदा
ग्रुप सी में मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टॉस से लेकर मैच के अंत तक दबदबा बनाए रखा। उनकी अगुआई में मुंबई ने छत्तीसगढ़ को सिर्फ 142 रनों पर समेट दिया। शार्दुल ठाकुर (4/13) और शम्स मुलानी (5/31) की घातक गेंदबाजी के सामने छत्तीसगढ़ की पारी बिखर गई। जवाब में अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 68) और सिद्धेश लाड (नाबाद 48 ) ने 24 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुंबई को लगातार तीसरी जीत दिलाई।
ओडिशा ने आंध्र को छह विकेट से हराया
आंध्र प्रदेश 221 रन पर सिमट गया, जिसमें एसडीएनवी प्रसाद (66) और सौरभ कुमार (47) ने संघर्ष किया। ओडिशा की ओर से बिप्लब समंतराय और गोविंदा पोद्दार ने तीन-तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोविंदा पोद्दार (89) और ओम टी मुंडा (91) की शानदार पारियों के दम पर ओडिशा ने 43.4 ओवर में जीत दर्ज की।
रेलवे ने सर्विसेज को 84 रन से हराया
रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 365/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया। रवि सिंह ( 88 ) प्रथाम सिंह (73) और आशुतोष शर्मा (50) ने अहम योगदान दिया। जवाब में सर्विसेज की टीम 281 रन पर ऑलआउट हो गई। रेलवे की ओर से राज चौधरी ने 3/27 का प्रभावशाली स्पेल डाला।
हरियाणा ने गुजरात को 26 रन से मात दी
हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 299 रन बनाए, जिसमें मयंक शांडिल्य ( 86 ) और एचजे राणा (57) प्रमुख रहे। गुजरात की ओर से अशांन नागवसवाला और हर्षल पटेल ने तीन- तीन विकेट लिए। जवाब में गुजरात 273 रन पर सिमट गई और हरियाणा ने 26 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
बंगाल, विदर्भ और असम की शानदार
बंगाल ने चंडीगढ़ के खिलाफ लक्ष्य का सफल पीछा किया, विदर्भ ने जम्मू- कश्मीर के 312 रन को आसानी से हासिल किया, जबकि असम ने हैदराबाद को करीबी मुकाबले में चार विकेट से
हराया।
Author: Shabd Agni
.
