शब्द अग्नि न्यूज़ / इंदौर। होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मैच देखने आने वाले हजारों दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है।
दर्शक अपने वाहनों की पार्किंग एसजीएसआईटीएस परिसर के मैदान और बाल विनय मंदिर परिसर में कर सकेंगे। इन पार्किंग स्थलों पर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) की ओर से समतलीकरण, साफ- सफाई, बैरिकेडिंग, बैनर, दिशा सूचक फ्लेक्स और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
इंदौर में होने वाले इस वनडे मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि क्रिकेट फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक साथ लाइव खेलते देखने का मौका मिलेगा। दोनों खिलाड़ी टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में वनडे में उनकी जोड़ी को देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह है। यही कारण है कि इस मैच को लेकर दशकों बाद जैसा क्रेज देखने को मिल रहा है। 11 जनवरी से शुरू होने वाली भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाएंगे। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बड़ौदा में होगा, इसके बाद राजकोट और इंदौर में मैच खेले जाएंगे। इससे पहले भी कई बड़े मुकाबलों में टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो चुके हैं और इस बार भी इंदौर वनडे ने रिकॉर्ड बना दिया । होलकर स्टेडियम में होने वाले इस वनडे मैच के टिकट महज 5 मिनट में ही बिक गए। शनिवार सुबह ठीक 5 बजे टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हुई थी। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ पर जैसे ही विंडो खुली, फैंस टिकट खरीदने टूट पड़े। हालत यह रही कि सुबह 5:15 बजे से पहले ही सभी टिकट बुक हो गए और वेबसाइट व ऐप पर “Sold Out” का मैसेज दिखाई देने लगा।
Author: Shabd Agni
.
