शब्द अग्नि / इंदौर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आएंगे और दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इस दिन कांग्रेस मध्य प्रदेश में मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश के हर ब्लॉक में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सामूहिक उपवास रखेंगे। साथ ही गांधी प्रतिमाओं के सामने धरना देकर भजन गाएंगे। इस दौरान इंदौर जल कांड में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। कांग्रेस के संगठन प्रभारी संजय कामले ने बताया कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) की तरफ तय हो गई है।
दूषित पानी से मृत लोगों के परिजन से मिलेंगे
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी पुष्टि कर दी है। इंदौर में दूषित पानी के कारण अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले को लेकर एमपी कांग्रेस ने 11 जनवरी को इंदौर में न्याय यात्रा का आयोजन किया था । यात्रा में इंदौर और आसपास के 200 किलोमीटर क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए थे। इस यात्रा में जितेंद्र पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दूषित पानी के मामले में मंगलवार को डायरिया के 5 और मरीज सामने आए हैं। हालांकि गंभीर नहीं होने से उन्हें सामान्य ट्रीटमेंट ही दिया गया। अस्पताल में एडमिट मरीज 39 से घटकर 33 हो गए हैं। इनमें से 10 आईसीयू में हैं। इनमें से तीन मरीज लंबे समय से वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत में खास सुधार नहीं हुआ है। जो मरीज वेंटिलेटर पर हैं उनके नाम एकनाथ सूर्यवंशी, पार्वतीबाई और हीरालाल हैं। तीनों ही बुजुर्ग हैं । अन्य मरीजों की हालत में कुछ सुधार इस मामले में अब तक 436 मरीज एडमिट हुए। इनमें से 23 की मौत हो गई, जबकि 403 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
Author: Shabd Agni
.
