शब्द अग्नि / झाबुआ। शहर में एक बस चालक को गंभीर बीमारी के कारण काम छोड़ने और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। उनकी बेटी की शादी की जिम्मेदारी भी थी, जिससे परिवार पर दबाव बढ़ गया था। यह जानकारी जब चालक-परिचालक संघ के सदस्यों तक पहुंची, तो उन्होंने अपने साथी की मदद करने का निर्णय लिया। संघ ने इस पहल के लिए वॉट्सएप ग्रुप का उपयोग किया। संघ ने एक संदेश के साथ ‘क्यूआर बार कोड’ जारी किया और जिले भर के चालकों और परिचालकों से आर्थिक सहयोग की अपील की। संदेश में लिखा था, ‘आज हमारे एक साथी को हमारी जरूरत है।’ इस अपील का व्यापक असर हुआ । झाबुआ जिले के कई हिस्सों से चालक और परिचालक भाइयों ने अपनी क्षमतानुसार सहयोग राशि भेजी। देखते ही देखते कुल 28,002 रुपए की नकद राशि जमा हो गई। नकद राशि के साथ-साथ बेटी के लिए चांदी के उपहार भी भेंट किए गए। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद सोनू अली ने यह एकत्रित राशि और उपहार संघ के वरिष्ठ सदस्य अंतर सिंह भाई (कंडक्टर) को सौंपे।
Author: Shabd Agni
.
