महाराष्ट्र से मप्र के 36 लोगों को छुड़ा लाई पुलिस
शब्द अग्नि न्यूज़ / भोपाल। मध्यप्रदेश में रोजगार की तलाश कर रहे ग्रामीण लोगों को एजेंट बहला- फुसलाकर महाराष्ट्र लेकर जा रहे हैं। वहां इन्हें बंधक बनाकर बंधुआ मजदूरी कराई जाती है। प्रदेश के ऐसे ही 36 लोगों की पुलिस की तत्परता से घर वापसी कराई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मध्यप्रदेश के विदिशा और अशोकनगर पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए महाराष्ट्र में फंसे कुल 36 मजदूरों को सकुशल उनके अपनों के पास पहुंचाया। जिसमें थाना दीपनाखेड़ा, जिला विदिशा को जानकारी मिली थी कि जिले के बरबटपुर गांव के लगभग 20 मजदूर रोजगार के नाम पर महाराष्ट्र ले जाए गए हैं, जहां उन्हें बंधक बनाकर जबरन कार्य कराया जा रहा है और वे घर लौटने में असमर्थ हैं। दूसरे मामले में अशोकनगर में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा 16 मजदूरों के महाराष्ट्र में फंसे होने की भी सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की थी। जांच में मजदूरों के ग्राम गिरोली, थाना वाशी, जिला धराशिवा (महाराष्ट्र) में बंधक होने की पुष्टि हुई। दोनों जिलों की संयुक्त टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा स्वयं महाराष्ट्र पहुंचकर मजदूरों से संपर्क स्थापित किया गया तथा 36 महिला, पुरुष मजदूरों एवं बच्चों को सुरक्षित रूप से बस एवं रेल के माध्यम से उन्हें वापस लाया गया।
Author: Shabd Agni
.
