क्या नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे अभिषेक ने किया अभ्यास,
शब्द अग्नि न्यूज़ । नई दिल्ली। भारत को टी20 विश्व कप में गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ मैच खेलना है। इससे पहले टीम के लिए एक चिंता की खबर सामने आई है। अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा नहीं लिया क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। अभिषेक के पेट में कुछ समस्या है जिस कारण उनके नामीबिया के खिलाफ खेलने पर संशय पैदा हो गया है। भारत ने ग्रुप ए के अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था।
वॉशिंगटन ने की ट्रेनिंग
भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे ने नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले कहा, ‘वॉशिंगटन कल टीम के साथ जुड़ गए थे और मंगलवार को उन्होंने अभ्यास भी किया है। अभिषेक को अभी भी पेट में कुछ समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे क्योंकि इसमें अभी कुछ दिन का समय है। बुमराह ने 10 दिन तक गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनका मूवमेंट अच्छा है। हम अभ्यास के बाद टीम को अंतिम रूप देंगे।’
बुमराह हुए फिट
भारत के लिए राहत की बात यह है कि टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिट हो गए हैं और उन्होंने अभ्यास सत्र में पूरे दमखम से हिस्सा लिया। उन्होंने शुरुआत में हल्की दौड़ लगाई और फिर स्पाइक्स (क्रिकेट के विशेष जूते) बदलने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव को पूरी रफ्तार से
गेंदबाजी की। बुमराह ने इस दौरान भारतीय कप्तान को अपनी रफ्तार से चकमा देते हुए बोल्ड भी किया। सूर्यकुमार और तिलक नियंत्रण में नजर आए अभ्यास सत्र के दौरान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पूरी तरह नियंत्रण में नजर आए। दोनों ने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को सहजता से खेला। तिलक ने इस दौरान लगभग 100 मीटर लंबा छक्का भी लगाया। चोट वापसी कर रहे ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर संभल कर क्षेत्ररक्षण अभ्यास करते हुए दिखे। उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया। वॉशिंगटन ने बाद में तिलक वर्मा को गेंदबाजी भी की। अभिषेक बीमारी से उबर रहे हैं, वॉशिंगटन धीरे-धीरे वापसी की ओर है और बुमराह के पूरी लय में लौटने के साथ भारतीय टीम प्रबंधन के सामने मैच से पहले कुछ अहम चयन फैसले लेने की चुनौती है।
Author: Shabd Agni
.
