VISITORS

0 0 6 5 3 2

March 3, 2026 4:53 am

+91 8878812345

Explore

Search

March 3, 2026 4:53 am

दक्षिण अफ्रीका पांच विकेट से जीता

रजा का ऑलराउंड प्रदर्शन भी जिम्बाब्वे के नहीं आया काम, 
शब्द अग्नि न्यूज़ । नई दिल्ली। गेंदबाजों के बाद डेवाल्ड ब्रेविस की बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में पांच विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह सुपर आठ चरण में अपने तीनों मुकाबले जीते। ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका शीर्ष पर बरकरार रहा। जिम्बाब्वे ने कप्तान सिकंदर रजा की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 153 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन बनाए।
सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से सामना
पहले ही सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर चुकी दक्षिण अफ्रीका की टीम इस जीत से सुपर आठ के ग्रुप एक में शीर्ष पर रही जबकि शुरुआती ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाला जिम्बाब्वे सुपर आठ में जीत का खाता खेलने में नाकाम रहा। दक्षिण अफ्रीका टीम अब सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करने के लिए कोलकाता जाएगी।
रजा के ऑलराउंड प्रदर्शन पर भारी पडे ब्रेविस
दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए डेविड मिलर (16 गेंद में 22 रन) के साथ 25 गेंद में 50 रन की साझेदारी की। रेयान रिकल्टन ने 22 गेंद में चार छक्के की मदद से 31 का योगदान दिया। जॉर्ज लिंडे (21 गेंद में नाबाद 30 ) और ट्रिस्टन स्टब्स (24 गेंद में नाबाद 21 ) ने छठे विकेट के लिए 44 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी के साथ टीम की जीत पक्की कर दी। जिम्बाब्वे के लिए रजा ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए । रजा ने इस मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
शुरुआत रही खराब
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही और उसने पवरप्ले में ही दो विकेट गंवाए। भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करने वाले ब्रायन बेनेट भी सस्ते में आउट हुए। जिम्बाब्वे की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी और उसने 87 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए। जिम्बाब्वे के लिए सिर्फ रजा ही बड़ी पारी खेल सके, जबकि अन्य बल्लेबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।
रजा ने दिखाया दम
खराब शुरुआत के बाद कप्तान सिकंदर रजा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दमदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। रजा ने 43 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 73 रन बनाए जिसकी मदद से टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। जिम्बाब्वे के लिए रजा के अलावा क्लाइव मदांदे ने 20 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। वहीं, बेनेट ने 15, डियोन मेयर्स ने 11, तादिवनाशे मारुमनी ने सात, रेयान बर्ल ने पांच और टोनी मदांदे ने दो रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट झटके, जबकि जॉर्ज लिंडे, लुंगी एनगिडी और एनरिच नॉर्जे को एक-एक विकेट मिला।
जिम्बाब्वे ने जीता टॉस
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने तीन बदलाव करते हुए क्वेन मफाका, एनरिच नॉर्जे और जॉर्ज लिंडे को प्लेइंग 11 में शामिल किया है। जिम्बाब्वे को रिचर्ड नगारवा की सेवाएं नहीं मिलेगी। वह चोट के कारण एकादश से बाहर रहे।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर