शब्द अग्नि न्यूज़ / सिंगरौली। जिले के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, बैढ़न में जियोलॉजी के एक अतिथि विद्वान पर शादीशुदा छात्रा से पेपर पास कराने के बदले दबाव और आपत्तिजनक बातचीत का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के पति, जो भारतीय सेना में पदस्थ हैं, ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने जांच की बात कही है। छात्रा का जियोलॉजी विषय का एक पेपर छूट गया था, जिसे पास करने के लिए उसे एक साल इंतजार करना पड़ता। इसी को लेकर उसने संबंधित अतिथि विद्वान से संपर्क किया। आरोप है कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे अतिथि विद्वान ने छात्रा को व्हाट्सएप कॉल किया और कहा- “रविवार को तुम्हारा पेपर करवा दूंगा… अकेले आना… जो मैं कहूंगा, वह करना पड़ेगा… यह बात किसी को मत बताना ।” छात्रा के पति ने शिकायत में कहा कि बातचीत का लहजा अशोभनीय और दबाव बनाने वाला था। पत्नी ने कॉल के तुरंत बाद पूरी जानकारी दी। पति का कहना है कि कॉल के स्क्रीनशॉट उनके पास मौजूद हैं, लेकिन सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। अतिथि विद्वान डॉ. शिवेश साकेत ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि छात्रा और उसके पति दबाव बनाने के उद्देश्य से आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने सफाई दी कि “कल आना” कहने का अर्थ कार्यदिवस था, न कि रविवार, और उन्होंने किसी भी तरह की आपत्तिजनक बातचीत नहीं की ।
Author: Shabd Agni
.
