VISITORS

0 0 7 1 6 2

March 29, 2026 12:27 pm

+91 8878812345

Explore

Search

March 29, 2026 12:27 pm

केंद्रीय मंत्री का औचक निरिक्षण-लापरवाही

बाथरूम गए केंद्रीय मंत्री तो कमरे में मिला किताबों का ढेर, छात्रों को वितरित की जाने वाली पाठ्यपुस्तकें एक कमरे में भरी पड़ी मिलीं

टीकमगढ़ / निवाड़ी। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक ने रविवार को निवाड़ी जिले के असाटी गांव स्थित सीएम राइज शासकीय मॉडल उत्तर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में भारी अनियमितता सामने आने पर मंत्री का कड़ा रुख देखने को मिला। छात्रों को वितरित की जाने वाली पाठ्यपुस्तकें एक कमरे में भरी पड़ी मिलीं, जिन्हें देखकर केंद्रीय मंत्री चौंक गए और गहरी नाराजगी जताई। मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री बाथरूम के लिए उतरे थे। लेकिन यहां स्कूल में किताबों का ढेर देखकर वो काफी नाराज दिखें। निरीक्षण के समय जब डॉ. खटीक ने पुस्तकों को उठाकर देखा तो पता चला कि ये किताबें शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही भेजी जा चुकी थीं। बावजूद इसके, स्कूल में पदस्थ शिक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा अब तक इन पुस्तकों का वितरण छात्र – छात्राओं को नहीं किया गया था। इस लापरवाही के कारण बच्चों की पढ़ाई सीधे तौर पर प्रभावित हो रही थी।

केंद्रीय मंत्री ने इसे शिक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी किताबें बांटने की थी, यदि उन्होंने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. वीरेंद्र खटीक ने मौके पर ही संबंधित शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मामले की तत्काल जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और सरकार की मंशा है कि हर बच्चे तक समय पर पाठ्यसामग्री पहुंचे। मंत्री के इस औचक निरीक्षण और सख्त तेवरों के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है, लेकिन इतना स्पष्ट है कि बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी लापरवाही पर सरकार अब किसी भी कीमत पर नरमी बरतने के मूड में नहीं है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर