जैकब बेथेल का शतक, फिर भी ऑस्ट्रेलिया मजबूत, इंग्लैंड की बढ़त 119 रन की
सिडनी । सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर खेला जा रहा एशेज 2026 का पांचवां और आखिरी टेस्ट मुकाबला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल के शानदार पहले टेस्ट शतक के बावजूद ऑस्ट्रेलिया सीरीज को 4-1 से जीतने की मजबूत स्थिति में है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 302/8 रन बना लिए थे और उसे 119 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है। अब मुकाबले का नतीजा पांचवें दिन तय होगा ।
जैकब बेथेल का यादगार शतक
22 वर्षीय जैकब बेथेल के लिए यह पारी किसी सपने से कम नहीं रही। अपने करियर के छठे टेस्ट में और इस सीरीज के दूसरे मैच में बेथेल ने 232 गेंदों में नाबाद 142 रन बनाए। खास बात यह रही कि इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क ने जैक क्राउली को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। ऐसे मुश्किल हालात में बल्लेबाजी करने उतरे बेटेल ने धैर्य, तकनीक और मानसिक मजबूती का शानदार उदाहरण पेश किया।
साझेदारियों ने दी इंग्लैंड को उम्मीद
बेथेल ने अलग-अलग साझेदारों के साथ अहम पारियां खेलीं । उन्होंने बेन डकेट (42) के साथ 81 रन की साझेदारी की, जो रूट ( 6 ) के साथ 32 रन, हैरी ब्रूक ( 42 ) के साथ 102 रन और जेमी स्मिथ ( 26 ) के साथ 45 रन जोड़े। जब- जब इंग्लैंड के विकेट गिरे, बेथेल ने एक छोर संभाले रखा और टीम को पहली पारी के 183 रन के घाटे से बाहर निकाला। मैच के बाद बेथेल ने कहा, ‘यह उपलब्धि खास है। परिवार का यहां होना और यहां शतक लगाना मेरे लिए बेहद यादगार पल है। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस पारी में सबसे चौंकाने वाला नाम ब्यू वेबस्टर रहा। मध्य तेज गति के गेंदबाज वेबस्टर ने 51 रन देकर तीन विकेट लिए इंग्लैंड की पारी को झटका दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक को एलबीडब्ल्यू किया और अगली ही गेंद पर विल जैक्स को बिना खाता खोले आउट कर दिया।
Author: Shabd Agni
.
