दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बाकी दो टी20 मैचों से बाहर हुए अक्षर पटेल इस ऑलराउंडर को किया गया शामिल
शब्द अग्नि /लखनऊ। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल तबीयत खराब होने की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह लखनऊ में टीम के साथ हैं। और मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। अक्षर की जगह चयन समिति ने शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है। तीसरे टी20 में नहीं खेले थे अक्षर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में अक्षर पटेल नहीं
खेले थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है जबकि बुमराह निजी कारणों से परिवार के पास लौट गए थे। अब बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि लखनऊ और अहमदाबाद में खेले जाने वाले मुकाबलों से अक्षर पूरी तरह बाहर हो गए हैं। फिलहाल वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।
शाहबाज अहमद को मिला मौका
अक्षर पटेल के बाहर होने के बाद चयन समिति ने शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है। 31 वर्षीय ऑलराउंडर ने भारत के लिए 2022 में डेब्यू किया था । उसके बाद से वह टीम का हिस्सा नहीं थे। अब उनकी
वापसी हुई है। अब तक खेले दो टी20 मैचों में शाहबाज ने दो विकेट अपने नाम किए हैं जबकि तीन वनडे मैचों में उनके नाम तीन विकेट दर्ज हैं।
भारत 2-1 से चल रहा आगे
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में मेजबान टीम दो मुकाबले जीतकर 2-1 की बढ़त से आगे चल रही है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम ने पहला और तीसरा मुकाबला जीता था जबकि दूसरे मैच में मेहमानों को जीत मिली। अब भारतीय टीम की नजर चौथे मुकाबले पर है। यह मैच 17 दिसंबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम मेंखेला जाएगा। भारत अगर यह मैच जीत लेता है तो 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर सीरीज अपने नाम करने में कामयाब होगा। इस सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। आखिरी दो टी20 मैचों के लिए भारत की अपडेटेड टीम सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद।
Author: Shabd Agni
.
