‘जनता चौपाल’ अभियान
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। शहर की समस्याओं का त्वरित और मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सप्ताह में दो दिन जनता के बीच पहुंचकर ‘संकल्प से समाधान जनता चौपाल’ लगाने की शुरुआत कर है। बुधवार को वार्ड 74 में पहली चौपाल लगी। जिसमें लोगों ने अपनी समस्याएं बताई। अधिकारियों को मौके पर ही इन समस्याओं के निराकरण के लिए कहा गया।
महापौर पहले टू-व्हीलर पर सवार हुए और पूरे इलाके में घूमे। उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण कर छोटी-बड़ी समस्याओं की फेहरिस्त तैयार की। इसके बाद चौपाल लगाकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘संकल्प से समाधान शिविरों की व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए शुरू किया गया है। आज भाजपा के पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि है। उनके “अंतिम व्यक्ति का उदय” के मंत्र को आधार बनाकर महापौर ने जनता से सीधे संवाद कर समस्याओं के त्वरित निराकरण का लक्ष्य रखा है। बुधवार सुबह महापौर विधायक मधु वर्मा के साथ टू-व्हीलर पर सवार होकर वार्ड 74 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र की कमियों, संभावित विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान राह चलते लोगों से बातचीत कर उनकी शिकायतें भी सुनीं। इसके बाद मां अहिल्या उद्यान विष्णुपुरी और पिपल्यापाला गांव में जनता चौपाल लगाई गई, जहां महापौर ने अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल में पार्षद सुनीता हार्डिया, एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव और महापौर प्रतिनिधि भारत पारख भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। वार्ड 74 में लगी जनता की चौपाल में सुबह सैकड़ों लोग शामिल हुए महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने लोगों से बात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को जाना। महापौर से लोगों ने कहा समस्या हर जगह होती है, लेकिन शहर में विकास के अच्छे काम हुए हैं। लोगों ने बच्चों के खेलने की सुविधा के लिए यहां पर खेल मैदान पर रनिंग ट्रैक बनाने की मांग की। जनता चौपाल सप्ताह में दो बार यानी हर हफ्ते दो वार्डों में आयोजन होगा। चौपाल में महापौर के साथ स्थानीय पार्षद, जोन अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य और नगर निगम के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। चौपाल के दौरान सबसे पहले क्षेत्र के प्रमुख जगहों का मुआयना किया जाएगा। इसके बाद जनसंवाद और फिर जनता चौपाल में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनी व दर्ज की जाएंगी।
Author: Shabd Agni
.
