शब्द अग्नि न्यूज़ / इंदौर। धार रोड स्थित डी-मार्ट में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद सोमवार रात को हिंदू संगठन चंदन नगर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने पीड़ित दंपती की लिखित शिकायत दर्ज की।
मामला चंदन नगर थाने का है। महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह अपने पति के साथ डी-मार्ट में टाई सेक्शन के पास खड़ी थीं। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे के बीच पीछे से आए तीन युवकों में से एक ने बुरी नीयत से महिला के पैर को छुआ। महिला ने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी। दंपती ने युवक को रोका और उसकी बदतमीजी के बारे में पूछा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दंपती ने 112 नंबर पर कॉल की। मौके पर पहुंची एफआरवी टीम ने जानकारी लेने के बाद छेड़छाड़ करने वाले तीनों युवकों को दबोचा, पहले उन्हें जमकर फटकार लगाई और फिर पुलिस के हवाले किया। पीड़िता का आरोप है कि तीनों युवक उसे और उसके पति को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। बाद में तीनों को एफआरवी में बैठाकर महिला और उसके पति थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। छेड़छाड़ के आरोपी, सिद्दकी खान, साहिल खान और फैजान खान को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी अंबार नगर के रहने वाले है।
Author: Shabd Agni
.
