• आइसर गाड़ी में बैठकर शराब पी रहे थे आरोपी
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार रात ड्यूटी पर तैनात एक यातायात पुलिस आरक्षक के साथ शराब पी रहे आरोपियों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने आरक्षक के सिर पर पत्थर मारकर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बिचौली मर्दाना इलाके की है। यातायात पुलिस आरक्षक अनुराग पुत्र महेश शर्मा निवासी स्कीम नंबर 136 की रात में अंडरपास ब्रिज के पास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। ब्रिज के पास जाम की स्थिति बनने पर अनुराग पैदल चलकर वाहनों को हटवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक आईसर वाहन को सड़क किनारे खड़ा देखा, जिसमें कुछ लोग शराब पीते हुए रास्ता बाधित कर रहे थे। आरक्षक ने उन्हें टोका और वाहन हटाने के लिए कहा। इस पर वाहन मालिक और उसमें बैठे दो युवक विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर अनुराग ने पुलिस एफआरवी को कॉल करने के लिए अपना मोबाइल निकाला, तभी आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर उठाकर अनुराग के सिर पर वार कर दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। घायल आरक्षक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, कनाड़िया पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Author: Shabd Agni
.
