कंपनी के ठेकेदारों पर एफआईआर
शब्द अग्नि न्यूज़ / इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी टाउनशिप का निर्माण कर रही है। इसके लिए लापरवाही से खुदाई की जा रही है, जिससे न्यू रेसकोर्स बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। इस बिल्डिंग की ड्रेनेज व पानी की लाइनें टूट गईं, तो सड़क और ट्रांसफार्मर धंस गए। इस कारण पानी की सप्लाई, ड्रेनेज और बिजली की समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित रहवासी थाने पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लसूड़िया पुलिस ने बुधवार को पंकज दुबे निवासी न्यू रेसकोर्स बिल्डिंग महालक्ष्मी नगर की शिकायत पर ठेकेदार जगदीश दांगी और शाहिद चौहान के खिलाफ तोड़फोड़ करने और 113 परिवारों की जान खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
रहवासियों ने बताया कि उनकी टाउनशिप के पास “सिंगापुर मरीना ” नाम से कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, जिसे सार्थक विनायक रियल बिल्ट द्वारा कराया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में खुदाई का कार्य जगदीश दांगी और कांक्रीट का काम शाहिद चौहान को सौंपा गया था। रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा भारी मशीनों लापरवाहीपूर्वक खुदाई की गई, जिससे 113 परिवारों की जान खतरे में पड़ गई। हादसे के दौरान एक बिजली का ट्रांसफार्मर गड्ढे में जा गिरा, जिससे पूरी बिल्डिंग की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा सोसायटी की बाउंड्रीवॉल गिर गई और जमीन नीचे से खिसक गई। ड्रेनेज और पानी की लाइनें टूटने से क्षेत्र में और भी अव्यवस्था फैल गई। लसूड़िया पुलिस का कहना है कि रहवासियों की शिकायत के आधार पर ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shabd Agni
.
