चाइनीज मांझे से 7 घायल : मकर संक्रांति पर इंदौर, उज्जैन सहित प्रदेश में 9 जगह हादसे
शब्द अग्नि / इंदौर/उज्जैन / जबलपुर / खंडवा/ खरगोन / नर्मदापुरम | मकर संक्रांति पर मध्य प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से अलग-अलग जगह सात लोग घायल हो गए। इंदौर में चार, उज्जैन में दो और इटारसी में एक युवक घायल हुआ है, वहीं रीवा और पन्ना में पतंगबाजी के दौरान हुए हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई। पहला मामला इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। यहां तीन इमली इलाके में बाइक से जा रहे हेमराज चौरसिया का चाइनीज मांझे से गला कट गया। सड़क पर खून बहने लगा। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेमराज चांदमारी ईंट का भट्ठा में रहते हैं। पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। बुधवार को मांगलिया स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
दूसरा हादसा इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां नंदानगर निवासी महेश सोनी का चाइनीज मांझे से गला कट गया । उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरी घटना भी इंदौर के जूनी इंदौर की है। यहां तिल्लौर निवासी प्रेम भंडारी दूध बांटने जा रहे थे, तभी जूनी इंदौर ब्रिज से जाते समय अचानक उनके सामने चाइनीज मांझा आ गया। उनके गले में 8 टांके लगाए गए हैं। चौथी घटना भी इंदौर की है। यहां चाइनीज मांझे से रामानंद नगर में रहने वाले घनश्याम वसुनिया के चेहरे पर चोट आई। उन्हें करीब 10 टांके आए हैं। घनश्याम के मुताबिक, वह खुद पतंग लेने जा रहा था, तभी सामने से मांझा आ गया। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन दाढ़ी पूरी तरह से कट गई।
उज्जैन में युवक का गला कटा, महिला भी घायल- उज्जैन में भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक युवक का गला कट गया, जबकि एक महिला के दोनों पैर घायल हो गए। दोनों को चरक भवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं रीवा में मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाते समय 15 वर्षीय कुश चौरसिया नाम का लड़का हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। पन्ना में भी 15 वर्षीय विभव सिंह पतंग उड़ाते समय चट्टान के किनारे संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। सिर में चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना शाम 6.30 बजे धरमपुर थाना क्षेत्र के इचोलिया की है।
Author: Shabd Agni
.
