VISITORS

0 0 7 1 6 2

March 29, 2026 3:50 pm

+91 8878812345

Explore

Search

March 29, 2026 3:50 pm

चार खातों से 2.90 लाख रुपए निकाले

युवक की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
शब्द अग्नि । उज्जैन के एक इंजीनियर के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी के बाद बड़ी साइबर ठगी हो गई। बदमाश ने मोबाइल हाथ लगते ही 50 से ज्यादा ट्रांजैक्शन कर चार बैंक खातों से 2.90 लाख रुपए निकाल लिए। ठगी से मानसिक रूप से परेशान इंजीनियर की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उज्जैन निवासी इंजीनियर हितेंद्र सिंह गुर्जर नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शनिवार को हितेंद्र सिंह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से उज्जैन के लिए इंटरसिटी ट्रेन संख्या 12416 में सवार हो रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद भारी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन जेब से चोरी कर लिया।

मोबाइल चोरी के बाद 2.90 लाख रुपए निकाले गए –

रविवार को उज्जैन पहुंचने पर हितेंद्र ने अपने मोबाइल की सिम ब्लॉक करवा दी। सोमवार को उन्होंने महाराष्ट्र, आईडीबीआई, यस और एक्सिस बैंक के खातों की जांच की तो पता चला कि बदमाश ने चोरी के कुछ ही समय बाद फोन में मौजूद बैंकिंग ऐप्स और डिजिटल सुविधाओं का दुरुपयोग कर लगभग 50 से अधिक ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करके सभी खातों से 2.90 लाख रुपए निकाल लिए। इसके बाद हितेंद्र ने तुरंत उज्जैन जीआरपी, स्थानीय पुलिस थाना और संबंधित बैंक शाखाओं को सूचना दी और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान से इंजीनियर की तबीयत बिगड़ी –

घटना के कारण मानसिक तनाव और भारी आर्थिक नुकसान से इंजीनियर हितेंद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन ने उन्हें तुरंत माधव नगर अस्पताल, उज्जैन में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन वे अभी चिकित्सकीय निगरानी में हैं। हितेंद्र सिंह ने बताया कि सिम ब्लॉक करने और कुछ बैंक खातों के यूपीआई नंबर न होने के बावजूद आरोपी ने उनके खातों से रुपए निकाल लिए, जो एक गंभीर मामला है। पीड़ित ने मांग की है कि इस गंभीर मामले में मोबाइल चोरी, बैंक खातों से अवैध डिजिटल लेन-देन और संगठित साइबर अपराध के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर