वाग्देवी का हवन चलता रहा, वॉलेंटियर जैकेट में की खुदा की इबादत
शब्द अग्नि न्यूज़ । धार। मध्य प्रदेश में धार की भोजशाला में बसंत पंचमी पर मां वाग्देवी की पूजा और जुमे की नमाज साथ-साथ कराई गईं। शुक्रवार सुबह 6 बजे सूर्योदय के साथ ही हिंदू समाज ने सरस्वती पूजन शुरू कर दिया, जो सूर्यास्त तक चला। वहीं, दोपहर में 1 से 3 बजे तक भोजशाला परिसर में ही मुस्लिम समाज ने नमाज अदा की।
इस मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी बरती। भोजशाला परिसर को 6 सेक्टर जबकि शहर को 7 जोन में बांटा गया था। स्थानीय पुलिस, सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के 8 हजार जवानों ने संभाली सुरक्षा से ज्यादा जवान शहरभर में तैनात रहे। ड्रोन और एआई की मदद से कोने-कोने पर नजर रखी गई।
नमाज को लेकर अलग-अलग दावे-
हालांकि, नमाज पढ़ने को लेकर दो दावे सामने आए। जिला प्रशासन ने भोजशाला में ही मुस्लिम लोगों के शांतिपूर्वक नमाज अदा करने की बात कही। वहीं, गुलमोहर कॉलोनी के रहवासियों ने कहा कि डिप्टी कलेक्टर रोशनी पाटीदार, डीएसपी आनंद तिवारी ने उन्हें और उनके साथियों को 16 घंटे तक कमाल मौला मस्जिद में रोककर रखा, लेकिन उनसे नमाज नहीं पढ़वाई गई। पीछे की तरफ कुछ लोगों से नमाज पढ़वाकर वीडियो बना लिया गया। इससे अलग, कुछ लोगों के नमाज पढ़ने की तैयारी करते हुए कमाल मौला मस्जिद के भीतर जाने का वीडियो भी सामने आया। इसमें नमाजी पीले रंग की वॉलेंटियर जैकेट पहने दिखे। एक अन्य वीडियो में लोग नमाज पढ़ने के बाद लौटते नजर आए।
Author: Shabd Agni
.
