शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर में यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। समझाइश और हजारों मुफ्त हेलमेट बांटने के बाद अब पुलिस ने चालानी कार्रवाई तेज कर दी है।
शहर के चार प्रमुख जोन के अंतर्गत विजयनगर, पलासिया, महू नाका और चाणक्यपुरी चौराहों पर विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इन चौराहों से गुजरने वाले बिना हेलमेट वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा दो दिन में बिना हेलमेट वाहन चालकों के कुल 4512 चालान बनाए गए हैं। परसों केवल पलासिया चौराहे पर दो घंटे की कार्रवाई में ही 2331 चालान काटे गए थे। पुलिस ने बताया कि एक ही दिन में कुल 2529 चालान बनाए गए। इनमें बिना हेलमेट 2181, नंबर प्लेट के 66, रॉन्ग पार्किंग के 159, ब्लैक फिल्म के 14, सिग्नल जंप के 22, बिना लाइसेंस के 19, सीट बेल्ट के 16, वन-वे उल्लंघन के 9, मॉडिफाइड साइलेंसर के 5 और हूटर के 2 चालान शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों से निकलने की कोशिश करते दिखे, लेकिन जो पकड़ में आए, उन्हें किसी तरह की रियायत नहीं दी गई। एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shabd Agni
.
