पुराने कपड़ों के अंदर पहन लिए थे नए कपड़े
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। द्वारकापुरी में रिलायंस फैशन फैक्ट्री में चोरी की वारदात सामने आई है। डिपार्टमेंट मैनेजर ने दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा और द्वारकापुरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करते हुए युवकों से करीब 32 हजार रुपए का सामान बरामद कर लिया है। ये वही युवक हैं, जिन्होंने पांच माह पहले भी इसी फैक्ट्री से चोरी की थी और इंदौर में रहे उनके गांव के आईपीएस अधिकारी ने उन्हें बगैर कार्रवाई छुड़वा दिया था।
द्वारकापुरी पुलिस ने बताया कि चोरी के मामले में रामराज पुत्र घनश्याम मीणा ग्राम पिलोदा तहसील बजीरपुर जिला सवाई माधोपुर राजस्थान और राहुल पुत्र धर्मराज मीणा को पकड़ा है। वहीं फैक्ट्री के मैनेजर रवीन्द्र मौर्य ने बताया कि रविवार दोपहर दोनों युवक कपड़े खरीदने आए थे। वे ट्राई करने के लिए चेंजिंग रूम गए, जहां नए कपड़ों के टैग निकाले और पहन लिए। उनके ऊपर से अपने पुराने कपड़े पहन लिए और आउटलेट से बाहर जा रहे थे। गेट पर मशीन की बीप बज गई। जिससे गार्ड को शक हुआ और दोनों की तलाश ली गई। जांच में पता चला कि युवकों ने अपने पेंट के अंदर 3 जींस और शर्ट के अंदर 7 शर्ट पहन रखी थीं। उन्हें पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
सोने की चेन चुराई द्वारकापुरी पुलिस ने सुमन चौहान निवासी सुदामा नगर की शिकायत पर अज्ञात ऑटो ड्राइवर और उसमें बैठी एक महिला और दो युवकों के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज की है। महिला ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के यहां गंगानगर गई थी। यहां से बेटी के साथ वापस घर आ रही थी। स्कीम नंबर 71 के दस्तूर गार्डन के पास ऑटो ड्राइवर ने सुमन और उनकी बेटी को यह कहते हुए उतार दिया कि वह पीछे की गली में तीनों सवारी को उतारकर आएगा, लेकिन काफी देर तक नहीं आया। बाद में उनका गले पर ध्यान गया तो सोने की चेन नहीं थी। पीड़िता थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई है।
Author: Shabd Agni
.
